केंद्रीय विद्यालय प्रगतिशील शिक्षक संघ रायपुर संभाग का वार्षिक अधिवेशन दुर्ग में आयोजित

रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मुख्य उपस्थिति में केंद्रीय विद्यालय प्रगतिशील शिक्षक संघ रायपुर संभाग का वार्षिक अधिवेशन आज पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रायपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले 35 से अधिक केंद्रीय विद्यालयों के शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अधिवेशन में अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार मिरी, महासचिव डॉ. अजय आर्य सहित जगदलपुर, धमतरी, बिलासपुर, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग और भिलाई के शिक्षक प्रतिनिधि शामिल हुए।
गजेंद्र यादव ने कहा कि यदि स्कूल का वातावरण सकारात्मक हो जाए, तो समाज में किसी अन्य सुधार की आवश्यकता नहीं रहती। उन्होंने कहा कि शिक्षा सिर्फ रोजगार का जरिया नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का सबसे मजबूत माध्यम है। शिक्षक न केवल ज्ञान का संचार करते हैं, बल्कि बेहतर समाज के निर्माण में भी भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने अपील की कि शिक्षक सिर्फ वेतन के लिए नहीं, बल्कि समाज को संवारने के उद्देश्य से कार्य करें। बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जानी चाहिए। सरकार की प्राथमिकता है कि सरकारी स्कूलों के छात्र भी उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त करें।
उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले शिक्षा सत्र में नई शिक्षा नीति के तहत छात्रों को ई-क्लास से जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता में वृद्धि हो सके। साथ ही, हाई स्कूल स्तर पर भगवान राम के जीवन से जुड़ी शिक्षाओं को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, जिससे छात्रों को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों की शिक्षा मिलेगी।
शिक्षकों को नवीन शिक्षण पद्धतियों की जानकारी देने हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि वे बच्चों को और अधिक प्रभावी व रुचिकर तरीके से पढ़ा सकें।




