छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रामलला दर्शन योजना: सरगुजा के 850 श्रद्धालु भारत गौरव ट्रेन से अयोध्या-काशी के लिए रवाना

छत्तीसगढ़ सरकार की रामलला दर्शन योजना के तहत सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालु भारत गौरव ट्रेन से अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम की धार्मिक यात्रा पर रवाना हुए। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला, जहां श्रद्धालु जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच अपने परिजनों की शुभकामनाओं के साथ यात्रा पर निकले।

यात्रा को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया और उनके लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं।

रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत यात्रियों को अयोध्या में रामलला के दर्शन और काशी में बाबा विश्वनाथ के पूजन का अवसर मिलेगा। पूरी यात्रा का संचालन पर्यटन विभाग और आईआरसीटीसी के समन्वय से किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं के लिए आरामदायक रेल यात्रा, स्वच्छ आवास, शुद्ध शाकाहारी भोजन, पेयजल, स्थानीय परिवहन, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था और एस्कॉर्ट दल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति किसी भी श्रद्धालु की आस्था के मार्ग में बाधा न बने। इसी सोच के तहत प्रदेश के हजारों लोगों को निःशुल्क धार्मिक यात्रा का लाभ दिया जा रहा है। यह योजना धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करने का माध्यम बन रही है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह योजना केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करने का आग्रह किया।

यात्रा पर निकले कई बुजुर्गों और महिलाओं ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे वर्षों से अयोध्या और काशी नहीं जा सके थे। अब सरकार की इस योजना से उनका सपना पूरा हो रहा है। श्रद्धालुओं ने यात्रा की बेहतर व्यवस्थाओं और निःशुल्क सुविधा के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button