पाकिस्तान में पेट्रोल पर हाहाकार! 1,000 रुपए लीटर तक पहुंचने का अलर्ट

पाकिस्तान में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। देश में पेट्रोल की कीमत करीब 50 फीसदी तक बढ़ने के बाद अब पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने ऐसा बयान दिया है, जिसने संकट को और गहरा कर दिया है। मंत्री के मुताबिक, अगर पाकिस्तान में पेट्रोल की कमी होती है तो इसकी कीमत बढ़कर 1,000 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर तक पहुंच सकती है।
फिलहाल पाकिस्तान में पेट्रोल करीब 389 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर, जबकि डीजल की कीमत 424 रुपए प्रति लीटर बताई गई है। 1,000 पाकिस्तानी रुपए भारतीय मुद्रा में करीब 346 रुपए के बराबर बैठते हैं।
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ने का असर पाकिस्तान पर भी पड़ रहा है। 28 फरवरी को पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 258.17 रुपए प्रति लीटर थी, जो अब करीब 131 रुपए बढ़ चुकी है। यानी कीमत में लगभग 51 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है।
बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए पाकिस्तान सरकार ने बाइक, रिक्शा और 800 सीसी तक की कारों के लिए पेट्रोल सब्सिडी योजना शुरू की है। इसके तहत पात्र लोगों को पेट्रोल पर प्रति लीटर 100 रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है।
योजना के तहत प्रत्येक पात्र व्यक्ति को महीने में चार टोकन मिलेंगे और हर टोकन पर 500 रुपए की सब्सिडी का प्रावधान है। सरकार के अनुसार अब तक 17.5 लाख से ज्यादा लोगों ने पंजीकरण कराया है, जबकि करीब 15 लाख टोकन जारी किए जा चुके हैं और 6.80 लाख से अधिक टोकन का इस्तेमाल भी हो चुका है।
पेट्रोल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और संभावित 1,000 रुपए प्रति लीटर के आंकड़े ने पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था और आम जनता पर पड़ने वाले दबाव को लेकर बहस तेज कर दी है।
ये खबर भी पढ़ें—:

