बारिश बनी आफत! केरल से गुजरात तक हाहाकार, कहीं मौत तो कहीं सड़कों पर सैलाब

केरल में मानसून एक बार फिर भारी पड़ता दिख रहा है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश की आशंका के बीच मौसम विभाग ने पथनमथिट्टा, कोट्टायम, अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में यलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को हुई भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। इडुक्की और मलप्पुरम समेत कई इलाकों में लैंडस्लाइड, मडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ की घटनाओं में 5 लोगों की मौत हुई, जबकि 2 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
केरल से हजारों किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश में भी बारिश का असर खत्म नहीं हुआ है। उन्नाव की कई बस्तियों में पानी इतना बढ़ गया कि लोगों की आवाजाही के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। बाराबंकी में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में नहाने के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
गुजरात में भी रविवार की बारिश ने शहरों की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। भावनगर और राजकोट में करीब आधे घंटे की तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। भावनगर के महुवा में करीब साढ़े 4 इंच और राजकोट के गोंडल में साढ़े 3 इंच बारिश दर्ज की गई।
जूनागढ़ के गिरनार जंगल में अचानक आई बाढ़ के कारण आत्मेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले रास्ते में बच्चों और बुजुर्गों समेत 40 से अधिक श्रद्धालु फंस गए। वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमों ने अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
वहीं राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ बारिश कमजोर पड़ रही है। बारिश कम होते ही गर्मी ने जोर पकड़ लिया है और जैसलमेर में तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



