छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

तिल्दा को मिली नई सड़क की सौगात, बहेसर में 42 लाख के विकास कार्यों का ऐलान

रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड स्थित ग्राम बहेसर और तुलसी मार्ग के बीच नई सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि संघर्ष से हासिल की गई सफलता ही समाज में मिसाल बनती है। साधारण परिवार का युवा यदि मेहनत और लगन से आईएएस या आईपीएस जैसी ऊंची उपलब्धि हासिल करता है, तो वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है।

उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के विचारों को अपनाने, सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लिए करीब 42 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की गई। इसमें बहेसर में साइकिल स्टैंड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, रंगमंच के पास ज्योति कलश निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, रघुनंदन वर्मा के घर से मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। वहीं शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्राथमिक शाला में दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु 10 लाख रुपये तथा जर्जर पूर्व माध्यमिक शाला भवन के पुनर्निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की मंजूरी दी गई।

टंक राम वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से हो रहे विकास कार्य प्रदेश की तस्वीर बदल रहे हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने एक प्राथमिक शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। उनका उद्देश्य हमेशा जनसेवा और क्षेत्र के लिए स्थायी विकास कार्य करना रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी और महतारी वंदन योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button