खेल समाचार | क्रिकेट, फुटबॉल, ओलंपिक | Fourth Eye News।Sports

टी20 वर्ल्ड कप से पहले सूर्या का फॉर्म बना सिरदर्द, रोहित शर्मा ने बताई टीम इंडिया की बड़ी चिंता

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है, लेकिन उससे पहले टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी टेंशन सूर्यकुमार यादव का फॉर्म बन गया है। विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले सूर्या हालिया समय में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस मुद्दे पर अब पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने खुलकर अपनी बात रखी है।

रोहित शर्मा का मानना है कि अगर भारत को खिताब बचाने की सोचनी है, तो सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में लौटना बेहद जरूरी है। उन्होंने साफ कहा कि यह सिर्फ कप्तान के प्रदर्शन का सवाल नहीं, बल्कि पूरी टीम की बल्लेबाजी ताकत इससे जुड़ी हुई है।

स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में रोहित ने कहा,
“यह सिर्फ कप्तान के फॉर्म की बात नहीं है। अगर कोई बल्लेबाज रन नहीं बनाता, तो हमारी सात-आठ बल्लेबाजों की ताकत में से एक कम हो जाती है। सूर्यकुमार अगर नहीं चलते, तो बल्लेबाजी क्रम उतना खतरनाक नहीं रह जाता।”

हालांकि रोहित ने सूर्या की कप्तानी समझ की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार को खेल की गहरी समझ है और वह जानते हैं कि टीम के खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कैसे निकलवाया जाए।

कप्तानी संभालने के बाद सूर्यकुमार यादव के खेल में आई गिरावट ने चयनकर्ताओं और फैंस दोनों की चिंता बढ़ा दी है। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद उनसे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह लय बरकरार नहीं रख सके।

आंकड़े भी सूर्या के संघर्ष की कहानी बयां करते हैं। साल 2025 में उन्होंने 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में सिर्फ 218 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 13.62 और स्ट्राइक रेट 123.16 रहा, जो उनके करियर में पहली बार पूरे साल 150 से नीचे रहा।

अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 जनवरी से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज सूर्यकुमार यादव के लिए खुद को साबित करने का आखिरी बड़ा मौका होगी। यही सीरीज भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अंतिम अंतरराष्ट्रीय परीक्षा है। वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से होगा, जहां भारत अपना पहला मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button