रायपुर : भाजपा विधायक देवजीभाई पटेल ने विधानसभा में अपनी ही सरकार के श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े को श्रमिकों के चिकित्सालय मामले में घेरा।
प्रश्रकाल में यह मामला उठाते हुए देवजीभाई पटेल ने श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े से श्रमिक चिकित्सालय की जानकारी पूछी। मंत्री भैयालाल ने बताया कि प्रदेश में एक भी श्रमिक चिकित्सालय नहीं है। इस पर देवजीभाई पटेल ने कहा कि प्रतिवेदन में जिक्र किया गया है कि 4 लाख से ज्यादा श्रमिकों का इलाज किया गया। उन्होंने कहा कि जब श्रमिकों के लिए एक भी चिकित्सालय नहीं हैं,
तो फिर इलाज कैसे कर दिया गया। पटेल ने यह भी आरोप लगाया कि सवाल की पूरी जानकारी नहीं दी गई जो सदन का अपमान है। इसके जवाब में श्रम मंत्री ने कहा कि श्रमिकों के लिए तीन अस्पताल बन रहे हैं। इसमें 2 का निर्माण जारी है तथा एक प्रक्रियाधीन है। मंत्री ने स्वीकार किया कि अधिकारियों को पूरा जवाब देना था लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। देवजी ने इस मामले में अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।