बॉर्डर 2 का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, तीन दिन में 100 करोड़ पार, अब बॉर्डर 3 का भी हुआ ऐलान

सनी देओल की दमदार वापसी वाली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। 23 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली यह फिल्म महज तीन दिनों में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। देशभक्ति और एक्शन से भरपूर इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज हुई ‘बॉर्डर 2’ का जादू आने वाले दिनों में भी बरकरार रहने की उम्मीद जताई जा रही है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। दमदार स्टारकास्ट और देशभक्ति के जज़्बे ने फिल्म को दर्शकों के दिलों तक पहुंचा दिया है।
फिल्म की बंपर सफलता को देखते हुए मेकर्स ने अब ‘बॉर्डर 3’ को लेकर भी बड़ा संकेत दे दिया है। एक इंटरव्यू के दौरान प्रोड्यूसर भूषण कुमार और डायरेक्टर अनुराग सिंह ने बताया कि ‘बॉर्डर 2’ को मिल रहे प्यार ने इस फ्रैंचाइजी को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ कर दिया है।
भूषण कुमार ने कहा कि ‘बॉर्डर’ एक बेहद बड़ी फ्रैंचाइजी है और करीब 30 साल बाद इसका सीक्वल बनाकर दर्शकों से जो प्यार मिला है, उसे आगे जरूर ले जाया जाएगा। हालांकि उन्होंने साफ किया कि ‘बॉर्डर 3’ से पहले उनकी और अनुराग सिंह की कंपनियों के बीच एक और फिल्म बनाई जाएगी, जिसके बाद बॉर्डर 3 पर काम शुरू होगा।
गौरतलब है कि ‘बॉर्डर 2’, साल 1997 में आई जेपी दत्ता की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जो एक बार फिर देशभक्ति के रंग में दर्शकों को रंग रही है।


