पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने हंसडांड में 4.65 करोड़ की लागत से नए शासकीय महाविद्यालय भवन का किया भूमिपूजन

सरगुजा जिले के लखनपुर तहसील के ग्राम हंसडांड में आज पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत वाले शासकीय महाविद्यालय भवन का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और बच्चों को पहली कक्षा से स्नातक तक एक ही परिसर में सर्वश्रेष्ठ सुविधा उपलब्ध हो।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि यह भवन न सिर्फ शैक्षणिक विस्तार, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगा। शिक्षा के विस्तार को सामाजिक विकास और आत्मनिर्भरता की राह का मूल आधार बताया गया। लंबे समय से विद्यार्थियों और क्षेत्र के लोगों द्वारा कॉलेज भवन की मांग की जा रही थी, जिसमें आज सफलता मिली है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों की मांग पूरी होना क्षेत्र के युवाओं के लिए नए सपनों की उड़ान है। अब उन्हें गुणवत्तापूर्ण वातावरण में पढ़ाई व करियर की दिशा यहीं अपने क्षेत्र में मिलेगी। भूमि पूजन कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



