छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

ई-ऑफिस में उत्कृष्ट काम करने वालों का सम्मान, गृह विभाग ने मारी बाजी

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ई-ऑफिस सम्मान समारोह में जनवरी और फरवरी माह के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ई-ऑफिस प्रणाली के जरिए फाइलों के त्वरित निस्तारण और समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को यह सम्मान प्रदान किया गया।

जनवरी माह की विभागीय रैंकिंग में गृह विभाग 92 प्रतिशत अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। समाज कल्याण विभाग ने 86.76 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि धर्मस्व विभाग 86.58 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। समारोह में कहा गया कि ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग से शासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही बढ़ रही है, और सभी विभागों से इसी दक्षता को बनाए रखने की अपेक्षा की गई।

विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। जनवरी माह में संयुक्त सचिव श्रेणी में जयश्री जैन प्रथम और अनुपम त्रिवेदी द्वितीय स्थान पर रहे। उप सचिव श्रेणी में किशोर कुमार भुआर्य प्रथम, ऋतु वर्मा द्वितीय और रामलाल खैरवार तृतीय स्थान पर रहे। अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, सचिवालय सहायक और कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित कई श्रेणियों में भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को सम्मान मिला।

फरवरी माह में भी विभिन्न श्रेणियों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। संयुक्त सचिव श्रेणी में भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम, सत्यनारायण श्रीवास्तव द्वितीय और कमलेश बंसोड़ तृतीय स्थान पर रहे। उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, सहायक अनुभाग अधिकारी, सचिवालय सहायक और कम्प्यूटर ऑपरेटर श्रेणियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा उपस्थिति के आधार पर भी श्रेष्ठ कर्मचारियों को सम्मान मिला। जनवरी में आशीष कुमार शर्मा, छबि लाल साहू और पवन कुमार साहू शीर्ष पर रहे, जबकि फरवरी में 22 अधिकारियों-कर्मचारियों को उत्कृष्ट उपस्थिति के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button