छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बगिया से डिजिटल शिक्षा की नई शुरुआत, जशपुर के स्कूलों में लगेंगे 206 इंटरएक्टिव पैनल

जशपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में अब पढ़ाई का अंदाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। बगिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में डिजिटल शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। जिला प्रशासन जशपुर, एसईसीएल और ईडीसीआईएल के बीच त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए, जिसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इस एमओयू के तहत चयनित शासकीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से इंटरएक्टिव पैनल लगाए जाएंगे। इन डिजिटल उपकरणों की मदद से शिक्षक वीडियो, डिजिटल कंटेंट, प्रेजेंटेशन और ई-लर्निंग संसाधनों के जरिए पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी बना सकेंगे। इसके साथ ही पैनलों के प्रशिक्षण, संचालन और नियमित रखरखाव की व्यवस्था भी की गई है, ताकि तकनीक का निरंतर और बेहतर उपयोग हो सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को रोचक बनाना आज की आवश्यकता है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों जैसी शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी और उनमें नवाचार व तकनीकी दक्षता का विकास होगा।

इस परियोजना के लिए एसईसीएल ने सीएसआर मद से 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस राशि से जिले के 206 सरकारी विद्यालयों में इंटरएक्टिव पैनल लगाए जाएंगे, जिससे सैकड़ों विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन ने इस पहल को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में मील का पत्थर बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button