राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का परचम, गरियाबंद के एकलव्य विद्यालय ने जीता मॉडल यूथ ग्राम सभा में पहला पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि गरियाबंद जिले के जनपद पंचायत क्षेत्र स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुड़ा ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय मॉडल यूथ ग्राम सभा प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया था, जिसमें देशभर के 800 से अधिक स्कूलों की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्रों ने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, ग्रामीण समस्याओं की पहचान और उनके व्यावहारिक समाधान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी समझ, प्रस्तुति कौशल और लोकतांत्रिक सोच ने निर्णायकों को खासा प्रभावित किया, जिसके चलते टीम को राष्ट्रीय स्तर पर विजेता घोषित किया गया।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य के युवाओं की प्रतिभा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का प्रमाण है।
वहीं उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने विजेता टीम से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। छात्रों द्वारा मॉक ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीण विकास और निर्णय प्रक्रिया को जिस तरह प्रस्तुत किया गया, वह सराहनीय है।
आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने इस सफलता को जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के सशक्तिकरण का सकारात्मक परिणाम बताया। वहीं विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने इसे भविष्य के जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण की दिशा में प्रेरक कदम बताया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विद्यालय को प्रशस्ति पत्र के साथ एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव निहारिका बारिक और पंचायत विभाग की संचालक प्रियंका महोबिया ने भी विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलाकांत यादव और विद्यार्थियों को बधाई दी।




