अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड में भारत का स्वर्णिम प्रदर्शन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विजेताओं को दी बधाई

कोलंबिया में आयोजित 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड (IPhO) 2026 में भारत के पांच प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कनिष्क जैन, रिद्धेश अनंत बेंडाले, ऋषित गर्ग, श्रेष्ठ सुरैया और स्वरित जोशी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल इन विद्यार्थियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। प्रतिभा, कठिन परिश्रम और वैज्ञानिक सोच के दम पर इन छात्रों ने वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय विद्यार्थियों का लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन देश की युवा प्रतिभाओं की क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिचायक है। ऐसी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगी।
उन्होंने सभी स्वर्ण पदक विजेताओं के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी तथा विश्वास जताया कि ये युवा भविष्य में भी विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन करते रहेंगे।




