Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

सूरजपुर में छात्राओं को मिला आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण, योजनाओं की भी दी गई जानकारी

Female students in Surajpur received training in self-defense and cybersecurity; information about government schemes was also provided.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग ने सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंगौटी में विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया।

शिविर में छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके, साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता और सही समय पर शिकायत करना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को बाल अधिकार, महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिला उत्पीड़न, मासिक धर्म स्वच्छता और वित्तीय साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जागरूक किया गया।

शिविर में नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना और सखी वन स्टॉप सेंटर जैसी विभिन्न महिला एवं बालिका कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

बाल संरक्षण अधिकारियों ने बाल विवाह के दुष्परिणाम, किशोर न्याय अधिनियम और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए छात्राओं से किसी भी प्रकार के शोषण या संकट की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की।

महिला एवं बाल विकास विभाग का उद्देश्य ऐसे जागरूकता शिविरों के माध्यम से प्रदेशभर की बालिकाओं में आत्मविश्वास, कानूनी जागरूकता और सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।