छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जिले में अवैध धान पर बड़ा एक्शन: 2250 कट्टा धान और ट्रक जब्त, समितियों में भारी गड़बड़ी उजागर

रायपुर। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सघन अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में बागबाहरा और सरायपाली विकासखंड के अलग-अलग इलाकों में की गई कार्रवाई के दौरान 2250 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया, साथ ही धान से भरा एक ट्रक भी पकड़ा गया।

बागबाहरा विकासखंड में धान उपार्जन से जुड़ी अनियमितताओं की जांच के दौरान संयुक्त टीम ने समितियों का भौतिक सत्यापन किया। जांच में राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अतिरिक्त पाया गया, जबकि तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान की भारी कमी सामने आई। इस गंभीर गड़बड़ी को देखते हुए कलेक्टर ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी दौरान तेंदूकोना से भुरकोनी मार्ग पर करीब 200 कट्टा धान का अवैध परिवहन करते हुए एक मिनी ट्रक को पकड़ा गया, जिसे बुंदेली चौकी के सुपुर्द किया गया। वहीं उड़ीसा से लाकर खेतों और बाड़ियों में छुपाकर रखे गए लगभग 1000 कट्टा धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर थाना कोमाखान को सौंपा गया। टूहलू चेकपोस्ट के पास भी धान से भरा एक ट्रक पकड़ में आया, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए टूहलू थाना भेजा गया।

सरायपाली विकासखंड के ग्राम गिधामुंडा में बरतराम के गोदाम के निरीक्षण के दौरान 1400 कट्टा धान पाया गया। जांच में 600 कट्टा धान का वारिसान पंजीयन प्रक्रियाधीन मिला, जबकि 800 कट्टा धान को अधिया का बताया गया, लेकिन उससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। दस्तावेजों के अभाव में 800 कट्टा धान को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसके अलावा सारंगढ़-घठौरा से नवागढ़ महासमुंद समिति की ओर अवैध रूप से ले जाए जा रहे तीन ट्रैक्टरों में लदे 250 कट्टा धान भी जब्त किए गए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान भंडारण और परिवहन के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button