टी20 वर्ल्ड कप से दूरी ही बेहतर? के. श्रीकांत की पाकिस्तान को खुली सलाह – ‘भारत से भिड़े तो बचना मुश्किल’

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले विवादों का पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ICC को चेतावनी दी है कि यदि हालात नहीं बदले तो पाकिस्तान अपनी टीम वर्ल्ड कप में नहीं भेजेगा।
इस पूरे मामले पर अब पूर्व भारतीय कप्तान के. श्रीकांत का तीखा बयान सामने आया है। उन्होंने पाकिस्तान को सीधे तौर पर सलाह दी है कि भारत के खिलाफ खेलने से बेहतर है कि वे किसी बहाने टूर्नामेंट से ही दूर रहें।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए श्रीकांत ने कहा कि हालिया मुकाबलों में भारत की बल्लेबाजी इतनी विस्फोटक रही है कि विपक्षी टीमों की हालत खराब हो सकती है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले मैच में भारत ने सिर्फ 15 ओवर में 200 से ज्यादा रन ठोक दिए थे।
श्रीकांत ने तंज कसते हुए कहा, “कोलंबो में मारा गया छक्का मद्रास तक जाएगा। बेहतर यही है कि पाकिस्तान मत आए। कोई बहाना बनाओ और दूर रहो, वरना भारतीय बल्लेबाज हाल बेहाल कर देंगे।”
हालांकि, इन धमकियों के बीच पाकिस्तान ने अपना टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड घोषित कर दिया है। चीफ सिलेक्टर आकिब जावेद ने साफ किया कि टीम का चयन हो चुका है, लेकिन वर्ल्ड कप खेलने या नहीं खेलने का अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी के मुताबिक, सरकार शुक्रवार या अगले सोमवार तक स्थिति साफ कर देगी।
पाकिस्तान का घोषित स्क्वाड
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फखर ज़मान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक



