छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

धरसींवा को मिली निःशुल्क आधुनिक एम्बुलेंस, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लिए निःशुल्क अत्याधुनिक एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विधायक अनुज शर्मा तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में चालक को चाबी सौंपी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक तक समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके।

उन्होंने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी मरीज के उपचार में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर अस्पताल पहुंचने से कई गंभीर परिस्थितियों में मरीज की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और सड़क दुर्घटना सहित अन्य आपात स्थितियों में घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अस्पतालों के उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, दवाइयों की आसान उपलब्धता और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उनका कहना था कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित राज्य की नींव होते हैं।

विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि धरसींवा क्षेत्र में लंबे समय से आधुनिक एम्बुलेंस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से लगभग 19.65 लाख रुपये की लागत से यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को पहले की तुलना में अधिक तेज और प्रभावी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा से किया जाएगा और यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पतालों तक सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने में भी यह सुविधा उपयोगी साबित होगी। डीएमएफ के माध्यम से उपलब्ध कराई गई यह निःशुल्क एम्बुलेंस धरसींवा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button