छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

दिव्यांगों को मिली नई उड़ान: प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत 1000 से अधिक हितग्राहियों को मिले आधुनिक सहायक उपकरण

रायपुर में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत दिव्यांगजनों को आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसी भी संवेदनशील और विकसित समाज की पहचान समान अवसर, सम्मान और आत्मनिर्भरता से होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि वे सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा में अपनी भागीदारी निभा सकें।

सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम हाथ-पैर, वैशाखी, वॉकिंग स्टिक सहित कई आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद करते हुए कहा कि ये उपकरण केवल सहायता सामग्री नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई शुरुआत हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जुनेजा इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मजबूत खेल अधोसंरचना खिलाड़ियों के साथ-साथ सामाजिक और जनहित के आयोजनों के लिए भी आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर जिले में विशेष स्क्रीनिंग अभियान के माध्यम से 1600 से अधिक दिव्यांगजनों की पहचान की गई है। भारत सरकार से इस परियोजना के लिए 3 करोड़ 58 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत अब तक कुल 1739 दिव्यांगजन लाभान्वित हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहायक उपकरण वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा एवं रोजगार में आरक्षण, कौशल विकास और पुनर्वास जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट सरल और प्रोजेक्ट गोल्डन आवर का शुभारंभ किया तथा “नवाचार से प्रगति पथ पर अग्रसर रायपुर” कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button