ESIC अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, श्रमिकों को अब मिलेगा तेज और बेहतर इलाज

रायपुर। औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में ईएसआईसी अस्पताल रायगढ़ में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन और कर्मचारी राज्य बीमा निगम के संयुक्त प्रयासों से अस्पताल की सेवाओं में तेजी से सुधार हुआ है, जिससे अब श्रमिकों को पहले की तुलना में अधिक बेहतर और त्वरित उपचार मिल रहा है।
इसी कड़ी में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट में बैठक लेकर अस्पताल की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने और श्रमिकों को अधिकतम स्वास्थ्य लाभ देने पर विशेष जोर दिया। समीक्षा के दौरान पेयजल, बिजली, अपशिष्ट प्रबंधन, डॉक्टरों और स्टाफ की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अस्पताल में पर्याप्त पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, श्रमिकों की सुविधा के लिए परिवहन व्यवस्था को मजबूत करते हुए बस सेवाओं का विस्तार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि अस्पताल तक पहुंच आसान हो सके।
पतरापाली स्थित 100 बिस्तरों वाला यह अस्पताल बीमित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है। वर्तमान में यहां 15 डॉक्टरों और तकनीकी स्टाफ की तैनाती से उपचार व्यवस्था मजबूत हुई है। जल्द ही भर्ती सुविधा भी शुरू होने वाली है, जिससे गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की आवश्यकता कम हो जाएगी।
अस्पताल में स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपशिष्ट प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रयोगशाला सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और ऑपरेशन थिएटर सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। जल निकासी व्यवस्था में भी सुधार किया जा रहा है।
सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि विभाग द्वारा सभी उद्योगों के लिए रोस्टर जारी किया गया है, जिसके तहत कारखाना प्रबंधन श्रमिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लेकर आएगा। साथ ही, बीमित श्रमिक स्वयं भी अपने परिवार के साथ जांच के लिए यहां आ सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम की योजना श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा कवच है, जिसमें मुफ्त इलाज, आर्थिक सहायता, मातृत्व लाभ, दुर्घटना मुआवजा और पेंशन जैसी सुविधाएं मिलती हैं। सभी पात्र श्रमिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है।



