छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट विस्तार को मिली रफ्तार, 290 एकड़ सैन्य भूमि हस्तांतरण से अंतरराष्ट्रीय उड़ान का रास्ता साफ

रायपुर। बिलासपुर के बिलासा देवी केंवट हवाई अड्डे, चकरभाठा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया। जिला प्रशासन को 290.8 एकड़ सैन्य भूमि का औपचारिक हस्तांतरण किया गया, जिससे लंबे समय से प्रतीक्षित एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को निर्णायक गति मिल गई है।

भारतीय सेना और रक्षा संपदा कार्यालय (डीईओ), जबलपुर के अधिकारियों ने प्रशासन को भूमि सौंपते हुए सभी जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इस प्रक्रिया के बाद एयरपोर्ट के लिए कुल उपलब्ध भूमि बढ़कर 646.8 एकड़ हो गई है, जो बड़े स्तर के विकास के लिए पर्याप्त मानी जा रही है।

नई भूमि मिलने से रनवे विस्तार और एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में अपग्रेड करने में आ रही तकनीकी बाधाएं खत्म हो गई हैं। 4C कैटेगरी में उन्नयन के बाद बड़े विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ संभव होगी, जिससे बिलासपुर की देश के प्रमुख शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

यह विकास न केवल यातायात सुविधा को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार देगा। इस मौके पर सेना, रक्षा संपदा विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button