बिहान योजना ने बदली ग्रामीण महिला की तकदीर, कांति साहू बनीं लखपति दीदी की प्रेरक मिसाल

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत संचालित बिहान योजना का ‘लखपति दीदी अभियान’ कोरिया जिले की ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का नया रास्ता खोल रहा है। बैकुण्ठपुर विकासखंड के ग्राम तलवापारा की कांति साहू ने संघर्ष और मेहनत के बल पर सफलता की ऐसी कहानी लिखी है, जो अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली कांति साहू का सपना खुद का व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से मजबूत बनने का था, लेकिन संसाधनों की कमी उनके रास्ते की बड़ी चुनौती थी। करीब तीन साल पहले उन्होंने शारदा महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़कर बचत, वित्तीय प्रबंधन और समूह संचालन की जानकारी हासिल की।
समूह से मिले सहयोग, बैंक लिंकेज, एसवीईपी योजना और मुद्रा ऋण के जरिए उन्हें करीब चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इसके बाद उन्होंने दोना-पत्तल निर्माण इकाई, धान बीज केंद्र, मैचिंग सेंटर और सिलाई केंद्र जैसे कई व्यवसाय शुरू किए।
शुरुआती चुनौतियों को पार करते हुए कांति साहू और उनके पति महेन्द्र साहू के संयुक्त प्रयासों ने इन व्यवसायों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाया। आज उनके व्यवसायों से हर महीने करीब 30 से 35 हजार रुपये की शुद्ध आय हो रही है और उनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक पहुंच गई है। इसी उपलब्धि ने उन्हें ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचान दिलाई है।
आज कांति साहू आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं।


