छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

चिरायु योजना से बदली दो मासूमों की जिंदगी, करहीबाजार में बच्चों ने CM विष्णुदेव साय को कहा- “थैंक यू”

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के करहीबाजार में उस वक्त भावुक माहौल बन गया, जब चिरायु योजना से लाभान्वित बच्चों समीरा जांगड़े और नितिन पटेल ने मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai से मुलाकात कर उन्हें थैंक यू कार्ड भेंट किया। बच्चों और उनके परिजनों ने निःशुल्क इलाज के लिए आभार जताते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार को नई उम्मीद और बच्चों को नया जीवन दिया है।

मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं संवेदनशीलता के साथ पहुंचाना है, ताकि कोई भी परिवार आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे।

ग्राम लच्छनपुर निवासी 9 वर्षीय समीरा जांगड़े के पिता जीवन लाल जांगड़े ने बताया कि पहले समीरा बेहद कमजोर रहती थी और स्कूल जाने में भी सांस फूलने लगती थी। शिक्षकों की सलाह पर चिरायु टीम से संपर्क किया गया, जिसके बाद जांच और इलाज की व्यवस्था हुई। रायपुर में 14 मई 2025 को उसका सफल ऑपरेशन किया गया। वहीं ग्राम पंडरिया निवासी 6 वर्षीय नितिन पटेल का इलाज भी 22 नवंबर 2025 को चिरायु योजना के तहत सफलतापूर्वक हुआ।

परिजनों ने बताया कि लाखों रुपये खर्च होने वाला इलाज चिरायु योजना के जरिए पूरी तरह निःशुल्क संभव हो पाया। उन्होंने इसे गरीब परिवारों के लिए संजीवनी बताया।

सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा हितग्राहियों से सीधा संवाद और योजनाओं से आए बदलावों को जानने की पहल सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाती है। इस दौरान राजस्व मंत्री Tank Ram Verma समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button