Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

छत्तीसगढ़ में GST कटौती का सीधा लाभ जनता को दिलाने सरकार ने शुरू किया विशेष अभियान

The government has launched a special campaign to ensure that the people get the direct benefit of GST reduction in Chhattisgarh.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में GST दरों में की गई कटौती का फायदा आम जनता तक पहुँचाने के लिए राज्य सरकार ने ज़मीनी स्तर पर एक विशेष अभियान शुरू किया है। वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने राजधानी रायपुर के प्रमुख बाज़ारों का दौरा किया और व्यापारियों व उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर इस सुधार के प्रभावों की पड़ताल की। इस मौके पर स्थानीय विधायक अनुज शर्मा भी मौजूद रहे।

वित्त मंत्री ने कहा कि GST सुधारों का असली उद्देश्य तभी सफल होगा जब इसका लाभ लोगों की जेब तक पहुँचे, न कि सिर्फ कागज़ों तक सीमित रहे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य जीएसटी विभाग के अधिकारी लगातार बाज़ारों में जाएँ और यह सुनिश्चित करें कि कम हुई दरों का फायदा हर उपभोक्ता को मिले।

राज्य सरकार ने ‘GST बचत उत्सव’ की शुरुआत 22 सितंबर 2025 से की है, जो नवरात्रि के शुभ अवसर पर शुरू किया गया। इस अभियान के तहत आम जनता द्वारा रोज़ाना उपयोग की जाने वाली वस्तुओं जैसे हेयर ऑयल, साबुन, शैम्पू, टीवी, एयर कंडीशनर, साइकिल, ट्रैक्टर, छोटी कारें आदि पर विशेष रियायत दी जा रही है।

वित्त मंत्री ने कहा कि यह पहल केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में बदलाव लाने का एक ठोस प्रयास है। इसका उद्देश्य है — महँगाई में राहत, उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ाना और व्यापार को गति देना।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 अगस्त को GST सरलीकरण की घोषणा के बाद, GST काउंसिल की 56वीं बैठक में लिए गए फैसलों के अनुसार यह व्यवस्था 22 सितंबर 2025 से देशभर में लागू हो चुकी है।