विकास का पैमाना राज्य के हर व्यक्ति का समावेशी विकास : सीएम भूपेश बघेल

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के विकास का मॉडल में हमारी प्राथमिकता छत्तीसगढ़ के नागरिक हैं। हम प्रत्येक व्यक्ति की जेब में पैसा डालना चाहते हैं, क्रय शक्ति बढ़ाना चाहते हैं ताकि बाजार और उद्योग को बल मिल सके। उन्होंने कहा कि हमारा विकास का पैमाना छत्तीसगढ़ के हर व्यक्ति का समावेशी विकास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के दो पैमाने होते हैं, पहला कांक्रीट और डामर का काम और दूसरा राज्य के निवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाना है। स्वास्थ्य, शिक्षा का मूलभूत सुविधाओं में आधुनिक वृद्धि करना हमारे केन्द्र में है।
हम वर्ग के लिए न्याय चाहते हैं। राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, भूमिहीन मजदूर न्याय योजना के माध्यम से हम सभी वर्गों के न्याय के लिए काम कर रहे हैं। आज पूरी दुनिया में गोधन न्याय योजना की चर्चा हो रही है। लोग इस बात से हैरत में है कि किस तरह गोबर की खरीदी की जा सकती थी, लेकिन हमने गोबर की खरीदी भी की और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत भी बनाया। मुख्यमंत्री ने यह बातें आज टीवी न्यूज चौनल जी न्यूज मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित कार्यक्रम के मंच से कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर वर्ग की सरकार है। हमने किसानों से उनकी लागत का उचित मूल्य देने का वादा किया था, लेकिन केन्द्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक कीमत पर धान खरीदी पर अंकुश लगाया। ऐसी स्थिति में हमने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से किसानों को राहत पहुंचाने के लिए अपने किए गए वादे अनुसार भुगतान किया जा रहा है। हमारी प्राथमिकता केवल जनहित है। आदिवासियों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए हमने 52 लघु वनोपजों की खरीदी समर्थन मूल्य पर शुरू की। साथ ही वनोपज में वैल्यू एडिशन किया। कोदो-कुटकी, रागी, राहर, मक्का और गन्ना सभी फसलों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना से जोड़ा। हम किसानों को समृद्ध करने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधा और समय के साथ आने वाली समस्याओं का निदान ढूंढना सरकार की जिम्मेदारी है।