मानव अधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक ने जशपुर के वृद्धाश्रम और नशामुक्ति केंद्र का किया निरीक्षण, हितग्राहियों से की सीधी बातचीत

रायपुर। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली के विशेष प्रतिवेदक सुभाष चन्द्र ने जशपुर जिले में संचालित वृद्धाश्रम और नशामुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और सेवाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में रह रहे हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी दिनचर्या, स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
नशामुक्ति केंद्र में उपचाररत लोगों से बातचीत करते हुए सुभाष चन्द्र ने उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि नियमित दिनचर्या, मानसिक संतुलन और सामाजिक सहभागिता व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने हितग्राहियों को योग, इनडोर एवं आउटडोर खेलों के साथ-साथ मनोरंजक और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। उनका कहना था कि ऐसी गतिविधियां आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ समाज की मुख्यधारा से दोबारा जुड़ने में मदद करती हैं।
निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने केंद्र में संचालित पुनर्वास कार्यक्रमों तथा उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




