बुलगा में ‘हर घर जल’ का कमाल: मीलों की मशक्कत खत्म, अब आंगन में बह रही खुशहाली

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लूण्ड्रा विकासखंड स्थित बुलगा गांव में अब जिंदगी की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। कभी जहां ग्रामीणों, खासकर महिलाओं को पीने के पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब हर घर में नल कनेक्शन के जरिए स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है।
जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाकर घर-घर पानी की सुविधा दी गई है। इस बदलाव ने न सिर्फ रोजमर्रा की कठिनाइयों को कम किया है, बल्कि ग्रामीण जीवन में नई ऊर्जा भी भर दी है। बुलगा की निवासी जीवंती बाई बताती हैं कि पहले पानी लाना दिनभर की सबसे बड़ी चुनौती होती थी। लंबी कतारें, भारी बर्तन और थकान—ये सब अब बीते दिनों की बात हो चुकी है। अब सुबह-शाम घर पर ही साफ पानी आसानी से मिल जाता है।
इस सुविधा का सबसे बड़ा असर महिलाओं के जीवन पर पड़ा है। पहले जहां उनका अधिकतर समय पानी लाने में खर्च होता था, अब वही समय खेती-किसानी और घरेलू कार्यों में लग रहा है। इससे परिवार की आय और जीवन स्तर दोनों में सुधार आया है।
गांव में हर घर तक पानी पहुंचने से लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस पहल ने उनके जीवन को आसान और सम्मानजनक बना दिया है। जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहयोग से जल जीवन मिशन के लक्ष्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक भी स्वच्छ पेयजल की पहुंच सुनिश्चित हो रही है।




