पानाबरस में आदिवासी महासभा, देवगुड़ियों और आस्था स्थलों के संरक्षण पर सरकार का बड़ा ऐलान

रायपुर। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के वनांचल क्षेत्र पानाबरस में आदिम आस्था स्थलों के संरक्षण, संवर्धन और जनजातीय संस्कृति सुरक्षा अभियान के तहत विशाल महासभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडे शामिल हुए। सभा में जिलेभर से आदिवासी समाज के मांझी, गायता, ग्राम पटेल, ग्राम प्रमुख और समाज प्रमुख बड़ी संख्या में पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज और पूजा-अर्चना के साथ हुई। अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया और आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की गई। महासभा में जनजातीय समाज की परंपराओं, संस्कृति और पूर्वजों की आस्था से जुड़े स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समाज प्रमुखों से सीधा संवाद करते हुए उनकी सामाजिक व्यवस्था, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, देवस्थल और परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने घोषणा की कि जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित देवगुड़ियों और आस्था स्थलों का चिन्हांकन कर वहां सड़क, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और आस्था स्थलों का संरक्षण उनकी अस्मिता से जुड़ा विषय है। केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। कार्यक्रम में समाज प्रमुखों ने भी आदिवासी संस्कृति संरक्षण के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की।




