केमिकल युक्त रंगों से मिलेगा छुटकारा, हर्बल गुलाल से रंगेगी होली

कोरिया 27 फरवरी 2023

रंगों के त्योहार होली की खुशियों को दोगुनी करने जिले में स्व सहायता समूह की महिलाएं अभी से तैयारियों में जुट गई हैं। जिले में महिलाओं द्वारा हर्बल गुलाल बनाने का कार्य किया जा रहा है, गत वर्ष भी महिलाओं को हर्बल गुलाल से अच्छी आमदनी प्राप्त हुई थी। केमिकल युक्त रंग-गुलाल से त्वचा तथा स्वास्थ्य सम्बन्धी गम्भीर समस्याएं होतीं हैं, हर्बल गुलाल के प्राकृतिक रंगों के माध्यम से साइड इफेक्ट से भी छुटकारा मिलेगा।
जिले में कुल 05 स्व सहायता समूह की 21 महिलाओं द्वारा गुलाल बनाने की शुरुआत की गई है। विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के ग्राम बस्ती की श्री राधे स्व सहायता समूह, ग्राम बड़गांव की मां अम्बे स्व सहायता समूह तथा विकासखण्ड सोनहत के ग्राम भैंसवार की सागर स्व सहायता समूह, ग्राम कटगोड़ी की क्रांति स्व सहायता समूह, सोनहत की संघर्ष स्व सहायता समूह की महिलाएं गुलाल बना रहीं हैं। महिलाओं ने अब तक लगभग 105 किलोग्राम गुलाल तैयार किया है। जिले में विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाकर गुलाल विक्रय किया जाएगा, इसके साथ ही सी मार्ट में भी हर्बल गुलाल उपलब्ध होंगे।