छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

लोकभवन में महिला सम्मान समारोह, रंग पंचमी पर फूलों की होली के साथ महिलाओं का सम्मान

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और रंग पंचमी के अवसर पर लोकभवन में महिला सम्मान समारोह और फूलों की होली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, उद्यम और पत्रकारिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं ने भाग लिया।

इस मौके पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आई उन महिलाओं को सम्मानित किया, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और आदिवासी विकास के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि ये महिलाएं जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

राज्यपाल ने कहा कि देश के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है और नारी शक्ति ही समाज की प्रगति की धुरी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को महिला समानता और सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणा देने वाला दिन बताते हुए सभी को एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया, जहां महिलाओं को सम्मान, अवसर और समान अधिकार मिल सकें।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला शक्ति केंद्र, वन स्टॉप सेंटर और महिला हेल्पलाइन जैसी योजनाएं महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं। वहीं राज्य सरकार भी महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना, किशोरी शक्ति योजना और सुकन्या योजना जैसी पहल के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के विकास के लिए काम कर रही है।

कार्यक्रम में आमंत्रित वक्ता डॉ. शम्पा चौबे ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सबसे पहले उनकी मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास का मजबूत होना जरूरी है। शिक्षिका रंजीता साहू ने वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने बैंक लोन लेकर 162 स्कूलों में स्मार्ट टीवी के माध्यम से आधुनिक शिक्षा की पहल की है और गुल्लक कार्यक्रम के जरिए बच्चों को बचत के लिए प्रेरित किया।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नेहा यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को देते हुए बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी उनकी मां ने अकेले उनका पालन-पोषण किया और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।

कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े कानूनों और अधिकारों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ताओं, सरकारी कर्मचारियों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने जीएसटी से संबंधित एक ई-बुक का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम के अंत में रंग पंचमी के अवसर पर महिलाओं ने फूलों की होली खेलकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा क्विज प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button