Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

जल गुणवत्ता सुधार के लिए 10 नए केमिस्टों को मिली नौकरी

10 new chemists get jobs to improve water quality

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में चयनित केमिस्टों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 10 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस अवसर पर विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक और प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि केमिस्टों की नियुक्ति से जल परीक्षण प्रयोगशालाओं की क्षमता मजबूत होगी और मैदानी स्तर पर पानी की गुणवत्ता की जांच आसान होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और नई नियुक्तियों से विभाग को तकनीकी रूप से दक्ष मानव संसाधन मिलेगा।

उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताते हुए कहा कि इससे युवाओं का विश्वास बढ़ा है और प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर मिला है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मचारियों से जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ काम करने की अपेक्षा जताई। साथ ही स्पष्ट किया कि जल गुणवत्ता जांच में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रयोगशालाओं को आधुनिक बनाया जाएगा।

प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी ने बताया कि केमिस्ट के 12 स्वीकृत पदों के लिए व्यापम के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई थी। दस्तावेज सत्यापन के बाद 11 अभ्यर्थी पात्र पाए गए, जिनमें 2 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं, जबकि एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा।