दो साल में 11.40 लाख श्रमिक पंजीकृत, 804 करोड़ से अधिक का सीधा लाभ

रायपुर। श्रम विभाग ने बीते दो वर्षों में श्रमिक कल्याण की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस अवधि में कुल 11.40 लाख श्रमिकों का पंजीयन किया गया। इनमें 9.4 लाख निर्माण श्रमिक, 1.39 लाख असंगठित श्रमिक और 98 हजार संगठित श्रमिक शामिल हैं।
विभाग के अधीन मंडलों द्वारा संचालित 71 योजनाओं के माध्यम से 29.55 लाख से अधिक श्रमिकों को 804.77 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया। निर्माण श्रमिकों को 653.75 करोड़, असंगठित श्रमिकों को 143.77 करोड़ और संगठित श्रमिकों को 7.24 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। सभी हितलाभ डीबीटी के जरिए सीधे श्रमिकों के खातों में ट्रांसफर किए जा रहे हैं।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए कारखानों का निरीक्षण अब स्वचलित प्रणाली से किया जा रहा है। दो वर्षों में 2218 निरीक्षण हुए, जिनमें नियम उल्लंघन पर 666 मामलों में श्रम न्यायालय में अभियोजन दर्ज किया गया और 5 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत बीमित कामगारों की संख्या 4.60 लाख से बढ़कर 6.26 लाख हो गई है। रायपुर, कोरबा, रायगढ़ और भिलाई में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल संचालित हैं, जबकि बिलासपुर में नया अस्पताल शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। राज्य में 43 औषधालय कार्यरत हैं और 4 नए औषधालय खोले जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की अनुशंसा के अनुरूप सभी 17 बिजनेस रिफॉर्म्स राज्य में लागू कर दिए गए हैं। छोटे व्यापारियों को राहत देते हुए छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना अधिनियम को अब 10 या उससे अधिक श्रमिक नियोजित करने वाले संस्थानों तक सीमित किया गया है।
नई श्रेणी “नियत कालिक नियोजन कर्मकार” लागू की गई है, जिससे ऐसे कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतन और सुविधाएं मिलेंगी। महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए रात्रिपाली में महिलाओं को सशर्त कार्य की अनुमति दी गई है। कारखाना लाइसेंस की अवधि 10 से बढ़ाकर 15 वर्ष कर दी गई है।
आगामी योजनाओं में निर्माण श्रमिकों के लिए अलग स्वास्थ्य परीक्षण योजना, उनके बच्चों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग हेतु “अटल कैरियर निर्माण योजना” और शहीद वीरनारायण सिंह श्रम अन्न योजना का सभी जिलों में विस्तार शामिल है। साथ ही शिकायत निवारण व्यवस्था को एआई आधारित सिस्टम से और मजबूत किया जाएगा।




