नए साल से पहले बड़ी राहत: RBI ने घटाई रेपो रेट, सस्ती होंगी EMI

नए साल की खुशियों से पहले ही आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने होम और कार लोन की EMI हल्की कर दी है। एमपीसी बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए रेपो रेट में 0.25% की कटौती की गई है, जिसके बाद रेपो रेट घटकर 5.25% पर आ गया है। इससे पहले फरवरी, अप्रैल और जून में भी कटौती की जा चुकी है। यानी साल 2025 में आरबीआई अब तक चार बार रेट कम कर चुका है।
आरबीआई ने इस बार भी अपना रुख न्यूट्रल रखा है, जिसका मतलब है कि आने वाले महीनों में और राहत देखने को मिल सकती है। यही नहीं, महंगाई के अनुमान को भी बड़े स्तर पर घटा दिया गया है। आरबीआई का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष में महंगाई सिर्फ 2% रह सकती है, जो पिछली बार से 0.60% कम है।
ग्रोथ के मोर्चे पर भी बड़ी खुशखबरी है। आरबीआई ने विकास दर के अनुमान को 7.3% कर दिया है, जो पहले 6.8% था। यह पहली बार है जब केंद्रीय बैंक ने ग्रोथ अनुमान 7% से ऊपर रखा है। दूसरी तिमाही की रियल ग्रोथ 8.2% तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है।
आरबीआई ने लिक्विडिटी बढ़ाने के लिए बैंकों को एक और बड़ा तोहफा दिया है। दिसंबर में RBI 1 लाख करोड़ रुपये की सरकारी सिक्योरिटीज OMO के तहत खरीदेगा। साथ ही 5 अरब डॉलर का USD/INR स्वैप भी करेगा। इससे बैंकिंग सिस्टम में लंबे समय के लिए मजबूत तरलता आएगी और बाजार पर सकारात्मक असर पड़ेगा।



