बनोरा गुरुपीठ में CM साय की विशेष पूजा, राज्य की समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा में स्थित अघोर गुरुपीठ पहुंचे, जहां उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के सामने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गुरुपीठ में विधि-विधान से पूजा करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ की शांति और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुपीठ दर्शन के दौरान उन्होंने प्रियदर्शी भगवान राम जी का आशीष लेते हुए कहा कि आध्यात्मिक मार्गदर्शन सदैव प्रेरणा, ऊर्जा और सकारात्मकता देता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समाज को सही दिशा देने और जनसेवा को संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाने में आध्यात्मिकता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विरासत, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक सौहार्द राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। इन्हीं मूल्यों के साथ सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




