Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण: बीएलओ घर-घर पहुंच रहे

Special revision of voter list in Chhattisgarh: BLOs going door to door

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम पूरी गति से चल रहा है। 4 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान में पहले पांच दिनों में बीएलओ ने लगभग 30 लाख मतदाताओं तक पहुंच बनाई और उन्हें गणना प्रपत्र वितरित किए।

राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज संकलित कर रहे हैं। अब तक 2.12 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाताओं में से करीब 29 लाख को प्रपत्र दिए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 14 प्रतिशत है।

मतदाता सूची के इस विशेष पुनरीक्षण में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बीएलओ सक्रिय हैं। नवा रायपुर में मुख्य सचिव विकास शील के निवास पर भी बीएलओ ने गणना प्रपत्र और घोषणा प्रपत्र देकर आवश्यक जानकारी संकलित की। इसी तरह रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के देवेन्द्र नगर में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार के घर भी टीम ने दस्तावेज़ पहुंचाए।

मुख्य सचिव विकास शील ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और सहयोग प्रदान करें। राज्य में जिला और निर्वाचन अधिकारी सतत निगरानी के साथ यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी मतदाता तक प्रपत्र पहुँचें।