लोकभवन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ काव्य संग्रह का विमोचन, पर्यावरण संरक्षण का साहित्यिक संदेश

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन में साझा काव्य संग्रह ‘एक पेड़ मां के नाम’ का विमोचन किया। यह संग्रह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान से प्रेरित है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के शिक्षकों और साहित्यकारों की रचनाएं शामिल की गई हैं। संग्रह का संपादन शिक्षक सागर कुमार शर्मा ने किया है।
विमोचन समारोह में रमेन डेका ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और पारिस्थितिक असंतुलन के इस दौर में साहित्य समाज को प्रकृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि मां की तरह एक पेड़ भी निःस्वार्थ भाव से हमें जीवन, छाया, ऑक्सीजन, फल-फूल, ईंधन और आश्रय देता है। यह काव्य संग्रह लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार पाठक, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, वरिष्ठ साहित्यकार मीर अली मीर सहित शिक्षक साहित्य परिषद छत्तीसगढ़ के सदस्य मौजूद रहे।




