छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

हेलमेट पहनकर सीएम ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, जन-जागरूकता को बताया सबसे बड़ा हथियार

राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी उपाय जन-जागरूकता और यातायात नियमों का सख्त पालन है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खुद हेलमेट पहनकर बाइक चालकों के दल के साथ स्कूटी चलाई और लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग का उदाहरण दिया। उन्होंने पंडरी स्थित आधुनिक लाइसेंस सेंटर कार्यालय भवन का भूमिपूजन किया और मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत प्रदेश के 12 नए मार्गों पर 12 बसों का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और लापरवाही एक पल में कई परिवारों को उजाड़ देती है। उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चार पहिया चालकों से सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस की अभिनव पहल के तहत 4500 पुलिस मितान तैयार किए गए हैं, जो खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और त्वरित सहायता में अहम भूमिका निभाएंगे। इन मितानों को हेलमेट और फर्स्ट एड किट भी प्रदान की गई है।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले राहगीरों, पुलिस मितान, चिकित्सकों, यातायात कर्मियों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स सहित कई लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही सड़क दुर्घटना में तत्काल सहायता करने वालों के लिए 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और घायलों के लिए डेढ़ लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था की जानकारी दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button