देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर खौफनाक वार, गैरेज में सो रहे हिंदू युवक को जिंदा जलाया

बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला नरसिंहदी जिले से सामने आया है, जहां कट्टरपंथियों ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। 23 वर्षीय हिंदू युवक चंचल चंद्र भौमिक को उसके ही कार्यस्थल में जिंदा जलाकर मार डाला गया।

जानकारी के मुताबिक, चंचल नरसिंहदी शहर के पुलिस लाइंस क्षेत्र स्थित ‘खानाबाड़ी मस्जिद मार्केट’ में एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में मिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार देर रात काम खत्म होने के बाद वह थकान के कारण गैरेज के अंदर ही सो गया। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने शटर के नीचे से आग लगा दी।

गैरेज में मौजूद पेट्रोल, मोबिल ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने पल भर में विकराल रूप ले लिया। चंचल को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और दम घुटने व जलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि पूरी तरह से सुनियोजित हत्या है। CCTV फुटेज में संदिग्ध लोगों को आग लगाते हुए देखा गया है। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और हिंदू समुदाय में दहशत व आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। यह मामला हाल के दिनों में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों की एक और कड़ी माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button