छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

आईईडी ब्लास्ट में घायल जवानों से मिले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, बोले—हर हाल में सरकार साथ है

रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शनिवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए आईईडी विस्फोट में घायल पुलिस जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने घायल जवानों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया।

उपमुख्यमंत्री ने जवानों से घटना की जानकारी लेते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि शासन और प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायल जवानों के इलाज में किसी भी तरह की कमी न रहे और सभी जरूरी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।

विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान में तैनात जवान अत्यंत साहस और समर्पण के साथ प्रदेश और देश की सुरक्षा में जुटे हैं। उनका योगदान और त्याग अतुलनीय है।

गौरतलब है कि 25 जनवरी को बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी में एक के बाद एक छह आईईडी विस्फोट हुए थे। इस घटना में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के 12 जवान घायल हो गए थे। विस्फोट उस समय हुए, जब सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम तेलंगाना सीमा से लगे कर्रेगुट्टा हिल्स इलाके में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। घटना के बाद सभी घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया। इलाज के बाद छह जवानों को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि अन्य जवानों की हालत में भी लगातार सुधार हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button