छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बलरामपुर में महिला ने एक साथ दिए तीन नवजातों को जन्म, परिवार में खुशियों की बहार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक सुखद और अनोखी खबर सामने आई है। जिले में पहली बार किसी महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। रघुनाथ नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुए इस प्रसव में महिला ने दो बेटों और एक बेटी को सुरक्षित जन्म दिया। यह पल न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके के लिए खुशी और हैरानी से भरा रहा।

तीनों नवजातों में से दो बच्चों की हालत पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है, जबकि तीसरे बच्चे का वजन थोड़ा कम होने के कारण उसे बेहतर इलाज और विशेष देखभाल के लिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। रविवार (8 फरवरी) को जन्मे बच्चों का वजन क्रमशः 2 किलो, 1.5 किलो और 1.3 किलो दर्ज किया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत चकदेही निवासी बसंती को जब प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो परिजन उन्हें तुरंत रघुनाथ नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने पूरी सतर्कता और विशेषज्ञता के साथ सुरक्षित प्रसव कराया। समय पर इलाज और बेहतर देखभाल की वजह से यह जटिल प्रसव भी सामान्य रूप से सफल रहा।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि प्रसव के बाद मां को विशेष निगरानी में रखा गया है और स्वास्थ्यकर्मी लगातार मां और बच्चों की सेहत पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पताल स्टाफ की तत्परता और समर्पण की जमकर सराहना की है।

महिला के पति रामलाल ने बताया कि उन्हें पहले से इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उनकी पत्नी एक साथ तीन बच्चों को जन्म देने वाली है। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे खुशी भरा और चौंकाने वाला पल बताया और सुरक्षित प्रसव के लिए डॉक्टरों व अस्पताल कर्मियों का आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button