छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

चार माह के तेंदुए के शावक का सुरक्षित रेस्क्यू, नया रायपुर जंगल सफारी भेजा गया

रायपुर। श्रृंगी ऋषि पहाड़ी की तराई में स्थित खेतों में उस समय हलचल मच गई, जब ग्रामीणों ने करीब चार महीने के तेंदुए के शावक को भटकते हुए देखा। आशंका जताई जा रही है कि शावक अपनी मां से बिछड़कर रिहायशी इलाके तक पहुंच गया था। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शावक को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। यह घटना धमतरी जिले के नगरी-सिहावा क्षेत्र के बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिपली पारा की है। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई ने एक संभावित मानव-वन्यजीव संघर्ष को टाल दिया।

रेस्क्यू के बाद विभागीय प्रक्रिया के तहत शावक को नगरी स्थित पशु चिकित्सालय ले जाया गया, जहां विशेषज्ञों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में शावक पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उसे बेहतर देखभाल और सुरक्षित वातावरण के लिए नया रायपुर स्थित जंगल सफारी भेज दिया गया।

सघन वनों और पहाड़ी भू-भाग वाला नगरी-सिहावा क्षेत्र तेंदुओं के प्राकृतिक आवास के रूप में जाना जाता है। वन विभाग ने ग्रामीणों की जागरूकता और जिम्मेदारी की सराहना की है। विभाग का मानना है कि ऐसी सतर्कता और सहयोग से मानव-वन्यजीव संघर्ष को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button