नवा अंजोर विजन 2047 की रफ्तार पर सख्त नजर, मंत्रालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव विकासशील ने ‘छत्तीसगढ़ नवा अंजोर विजन@2047’ मॉनिटरिंग पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान राज्य शासन के विभिन्न विभागों के सचिव मौजूद रहे।
बैठक में विजन 2047 के तहत तय किए गए इंडिकेटर्स की राज्य स्तर पर समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति, लक्ष्यों की समयबद्ध उपलब्धि और अद्यतन जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉनिटरिंग पोर्टल के जरिए योजनाओं की प्रभावी निगरानी और मूल्यांकन संभव है, जिससे विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में तेजी आएगी। साथ ही विभागीय डैशबोर्ड पर ऑनलाइन प्रगति की नियमित समीक्षा और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विजन 2047 के लक्ष्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए समन्वित और परिणामोन्मुख कार्रवाई को प्राथमिकता देने की बात कही गई।




