छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कोरिया दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘रामलला दर्शन’ से लौटे श्रद्धालुओं से की मुलाकात, बोले— छत्तीसगढ़ के भांचा हैं प्रभु राम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया जिले के झुमका जलाशय परिसर में ‘रामलला दर्शन योजना’ के तहत अयोध्या धाम की यात्रा कर लौटे श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके अनुभव सुने और यात्रा से जुड़े आध्यात्मिक क्षणों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

श्रद्धालुओं ने बताया कि राज्य शासन के सहयोग से उन्हें निःशुल्क अयोध्या धाम जाकर रामलला के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पहले सुदूर ग्रामीण इलाकों से अयोध्या तक पहुंचना कठिन था, लेकिन शासन की इस पहल से उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हो सकी। यात्रा की समुचित व्यवस्था और सम्मानजनक प्रबंधन के कारण यह अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय बन गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री को ‘हमारे राम’ शीर्षक से बना तैलचित्र भेंट कर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने भी उनके उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम छत्तीसगढ़ के भांचा हैं और प्रदेशवासियों को उनके दर्शन कराने का अवसर मिलना सरकार के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचलों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सुशासन की पहचान है और राज्य सरकार इसी भावना के साथ कार्य कर रही है, ताकि हर वर्ग तक विकास और आस्था से जुड़ी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button