Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की 31वीं किस्त, 67.28 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची 631 करोड़ से ज्यादा की राशि

31st installment of Mahtari Vandan scheme released ahead of Raksha Bandhan; over ₹631 crore credited to the accounts of 67.28 lakh women.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मातृशक्ति सम्मान समारोह-2026 में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के तहत प्रदेश की 67.28 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। रक्षाबंधन से पहले मिली इस आर्थिक सहायता से महिलाओं में खुशी का माहौल है।

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेन्द्रगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम नागपुर निवासी पदमनी वैष्णव भी इस राशि के मिलने से खुश हैं। उन्होंने बताया कि किस्त की राशि खाते में पहुंचने से रक्षाबंधन का त्योहार और भी उत्साह के साथ मनाने का अवसर मिला है।

पदमनी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व है। त्योहार से पहले आर्थिक सहायता मिलने से राखी, मिठाई और फल जैसी जरूरी चीजों की खरीदारी में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि वह इस राशि का उपयोग रक्षाबंधन की तैयारियों में करेंगी और परिवार के साथ त्योहार की खुशियां साझा करेंगी।

उन्होंने कहा कि समय से पहले राशि मिलना महिलाओं के लिए खुशी की बात है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं के लिए परिवार पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ता। उनके मुताबिक, त्योहार के समय मिली यह राशि आर्थिक सहयोग के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम भी बनी है।

पदमनी वैष्णव ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि समय पर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से प्रदेश की बहनों के त्योहार की खुशियां और बढ़ी हैं।