‘शिक्षा संवाद 2026’ का रायपुर में शुभारंभ: उच्च शिक्षा, कौशल और रोजगार को जोड़ने की नई पहल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा और कौशल विकास की दिशा तय करने वाले फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘शिक्षा संवाद 2026’ का भव्य आगाज़ रायपुर स्थित Courtyard by Marriott Raipur में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने किया। इस आयोजन का संचालन उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया गया, जबकि एलिट्स टेक्नोमीडिया सहयोगी संस्था के रूप में शामिल रहा।
‘विकसित छत्तीसगढ़ के लिए शिक्षा, कौशल और रोजगार का सेतु’ थीम पर आयोजित उद्घाटन सत्र में उच्च शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने, उद्योग की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रमों में बदलाव और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देने पर गंभीर मंथन हुआ। मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य के युवा ही विकास की सबसे बड़ी ताकत हैं और शिक्षण संस्थानों को बदलते अवसरों के अनुरूप खुद को ढालना होगा। उन्होंने संस्थागत क्षमता सुदृढ़ करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने शिक्षा सुधारों और नीतिगत क्रियान्वयन की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं, उच्च शिक्षा आयुक्त डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने ठोस कार्ययोजना के जरिए शिक्षा और रोजगार के बीच मजबूत कड़ी बनाने की आवश्यकता बताई। एलिट्स टेक्नोमीडिया के सीईओ डॉ. रवि गुप्ता ने नीति, अकादमिक और उद्योग जगत के बीच सतत संवाद मंच की अहमियत रेखांकित की।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण उच्च शिक्षा विभाग और IIT Madras के ‘स्वयं प्लस’ प्लेटफॉर्म के साथ एमओयू रहा। इसके तहत उच्च गुणवत्ता वाले ऑनलाइन और ब्लेंडेड कोर्स, उद्योग-प्रासंगिक प्रमाणपत्र और क्रेडिट-लिंक्ड कार्यक्रमों का विस्तार होगा। इससे ‘अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट’ के माध्यम से क्रेडिट ट्रांसफर को बढ़ावा मिलेगा।
साथ ही मलेशिया के Lincoln University College के साथ भी समझौता हुआ, जिससे अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारी, छात्र-संकाय विनिमय और संयुक्त शोध को प्रोत्साहन मिलेगा।
दिनभर आयोजित सत्रों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन, डिजिटल नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहयोग और उद्यमिता जैसे विषयों पर चर्चा होगी। ‘शिक्षा संवाद 2026’ ने स्पष्ट संदेश दिया कि शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच मजबूत तालमेल से ही विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



