छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

नदी में तैरती मिली 2 हाथियों की लाशें, जंगल विभाग पर उठे गंभीर सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब कुरकुट नदी में दो हाथियों के शव तैरते हुए मिले। यह घटना घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के कंपार्टमेंट 1273 के पास की बताई जा रही है, जहां हाल ही में लगभग 19 हाथियों का झुंड देखा गया था। स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में शव दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद अधिकारी और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची।

वन विभाग ने एक शव को बाहर निकाल लिया है, जो लगभग पांच वर्ष के हाथी का बताया जा रहा है, जबकि दूसरे शव तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं। शुरुआती अनुमान में कहा गया कि दोनों हाथी नदी में नहाते समय फंस गए या दलदल में धंसने से उनकी मौत हो सकती है, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि पिछले चार महीनों में इस क्षेत्र में हाथियों की मौत के पांच मामले सामने आ चुके हैं। पिछले वर्ष भी तीन हाथियों की मौत 11 केवी बिजली लाइन से करंट लगने के कारण हुई थी, जिसके बाद वन कर्मियों पर कार्रवाई की गई थी।

राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार 2023 से 2026 के बीच 38 हाथियों समेत 562 वन्यजीवों की अस्वाभाविक मौत दर्ज की गई है। लगातार हो रही मौतों ने वन संरक्षण की व्यवस्था और मानव-हाथी संघर्ष पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button