छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

लोकभवन पहुंचकर विद्यार्थियों ने जाना प्रशासन का असली चेहरा

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर प्रदेश के सर्वोच्च संवैधानिक कार्यालय लोकभवन को आमजन से जोड़ने की दिशा में विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर स्वाशासी महाविद्यालय, राजनांदगांव के विद्यार्थियों ने लोकभवन का शैक्षणिक भ्रमण किया। बी.ए. और एम.ए. के छात्र-छात्राओं ने यहां पहुंचकर छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक व्यवस्था, लोकभवन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और कार्यालयीन गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की।

यह अवसर विद्यार्थियों के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि पहली बार महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को लोकभवन के भ्रमण का मौका मिला। इससे पहले यहां स्कूली विद्यार्थियों और गोद ग्राम से आए ग्रामीणों को भ्रमण कराया गया था। इस दौरान विद्यार्थियों ने लोकभवन परिसर स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी, सचिवालय की विभिन्न शाखाओं और सुंदर उद्यानों का अवलोकन किया। सभी स्थानों के महत्व और कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई।

भ्रमण के दौरान परिसर में स्थापित उस ऐतिहासिक तोप को भी दिखाया गया, जिसका उपयोग 1971 के भारत-पाक युद्ध में किया गया था। विद्यार्थियों ने इस पूरे अनुभव को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार बताया। लोकभवन का यह दौरा न केवल प्रशासनिक समझ बढ़ाने वाला साबित हुआ, बल्कि युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने की दिशा में भी एक सार्थक पहल बनकर सामने आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button