PM SHRI स्कूलों की पड़ताल: अधिकारियों ने खुद संभाली निरीक्षण की कमान

रायपुर। जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में प्रशासन अब पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहा है। पीएम श्री विद्यालयों की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन करने के लिए वरिष्ठ अधिकारी खुद स्कूलों में पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं।
कलेक्टर एस. जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर और डीएफओ डी. पी. साहू को राज्य नोडल अधिकारी (SNO-PM SHRI) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत तीनों अधिकारियों ने अलग-अलग विद्यालयों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
जयनगर स्थित पीएम श्री विद्यालय में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने 24 निर्धारित बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कमियों को चिन्हित करते हुए प्राचार्य को सुधार के स्पष्ट निर्देश दिए। वहीं, राजापुर के प्राथमिक शाला का निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया, जबकि ओड़गी स्थित पीएम श्री सेजस विद्यालय का जायजा डीएफओ ने लिया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए गए। यह पहल प्रशासन की शिक्षा के प्रति गंभीरता और जवाबदेही को दर्शाती है।
दरअसल, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई PRAGATI बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्कूलों के निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे। उसी के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। पीएम श्री योजना के अंतर्गत इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और आधुनिक सुविधाओं के जरिए नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य इन स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना है, ताकि आसपास के अन्य विद्यालय भी उनसे प्रेरणा ले सकें।



