Vijay Sharma met the injured victims of the Markatola Ghat accident; stated there should be no lapse in their treatment.

मरकाटोला घाट हादसे के घायलों से मिले विजय शर्मा, बोले- इलाज में नहीं होनी चाहिए कोई कमी

नेशनल हाईवे-30 स्थित मरकाटोला घाट पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों का हाल जानने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से उपचार व्यवस्था को लेकर बातचीत की।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से उपचार और अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में भी चर्चा की। परिजनों ने अस्पताल की उपचार व्यवस्था पर संतोष जताया।

इसके बाद विजय शर्मा ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से घायल की स्थिति और आगे के उपचार की जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि घायल के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों और संबंधित अधिकारियों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अस्पताल सुपरिटेंडेंट डॉ. संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी सहित अन्य अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे।

हादसे के बाद से विजय शर्मा लगातार घायलों के उपचार की जानकारी ले रहे हैं। एक घायल को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार सुनिश्चित कराया जा रहा है। घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में निःशुल्क व्यवस्था भी की गई थी।

विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में भर्ती सभी घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा मिले और उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं हो। स्वास्थ्य में सुधार के बाद अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

Leave a Reply