Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

जन्मदिन पर स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा तोहफा, चिरमिरी जिला अस्पताल में 8 करोड़ की CT Scan सुविधा शुरू

Health Minister's major birthday gift: ₹8 crore CT scan facility launched at Chirmiri District Hospital.

चिरमिरी जिला अस्पताल में अब गंभीर बीमारियों और आपातकालीन मरीजों को आधुनिक जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित CT Scan मशीन का विधिवत शुभारंभ किया।

नई सुविधा शुरू होने से चिरमिरी, एमसीबी जिले के साथ आसपास और सीमावर्ती क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब CT Scan जांच के लिए दूसरे शहरों या निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों का समय और अतिरिक्त आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने अपना जन्मदिन मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों के बीच मनाया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और फल सहित अन्य सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से भी चर्चा की।

स्थानीय स्तर पर मिलेगी आधुनिक जांच सुविधा

CT Scan की सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर और आपातकालीन मरीजों की जांच अब जिला अस्पताल में ही संभव होगी। समय पर जांच मिलने से चिकित्सकों को बीमारी की स्थिति समझने और उपचार की दिशा तय करने में भी मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास सरकारी अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार करना है, ताकि आम नागरिकों को जांच और उपचार के लिए बड़े शहरों या निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े।

उन्होंने कहा कि चिरमिरी ने लंबे समय तक कोयला उत्पादन के जरिए देश की ऊर्जा जरूरतों में योगदान दिया है। ऐसे में क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार महत्वपूर्ण आवश्यकता थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

जन्मदिन के मौके पर मरीजों के बीच पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री ने सेवा का संदेश भी दिया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। CT Scan सुविधा शुरू होने से चिरमिरी जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण आधुनिक सुविधा जुड़ गई है।

ये खबर भी पढ़ें —: