छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

लखनपुर में स्वच्छता का महाअभियान, मंत्री राजेश अग्रवाल ने खुद थामी झाड़ू

सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत तराजू में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और ग्रामीणों के साथ स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

मंत्री अग्रवाल ने साप्ताहिक बाजार स्थल और तालाब के आसपास झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वस्थ और विकसित समाज के लिए स्वच्छता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को किसी एक दिन के अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे रोजमर्रा की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने ग्रामीणों से घरों के साथ बाजार, तालाब, सड़क और अन्य सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखने की अपील की। साथ ही ओडीएफ प्लस के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीणों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

सामूहिक श्रमदान के दौरान लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, जलस्रोतों के आसपास गंदगी नहीं फैलाने और गांव की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का संदेश दिया गया।

अभियान ग्राम तराजू तक सीमित नहीं रहा। लखनपुर विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों के शासकीय कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्वच्छताग्राहियों ने श्रमदान कर परिसरों की सफाई की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छताग्राही और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button